सेब पौष्टिक भी औषधि भी



यूं तो फलों का हमारे जीवन में बहुत महत्त्वपूर्ण स्थान होता है परन्तु जब बात स्वास्थ्य और सौंदर्य की आती है तो सेब हमारे गालों को गुलाबी बनाने में अव्वल नजर आता है। शायद यही वजह है कि लोगों द्वारा फलों में सेब को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है और अपने इन्हीं गुणों के कारण यह एक औषधि के रूप में भी देखा जाता है।


वैज्ञानिकों का कहना है कि सेब छोटी - मोटी बीमारी ही नहीं बल्कि कैंसर जैसे भयावह रोगों को भी दूर करने की क्षमता रखता है। रोगी और स्वस्थ व्यक्तियों के साथ दृसाथ बच्चों के लिए जैसे दूध अत्यंत गुणकारी होता है, ठीक उसी तरह एक लाल सेब रोजाना खाने से भी बीमारियों से कोसों दूर रहा जा सकता है। दिखने में मनमोहक और स्वाद में सर्वोत्तम सेब न सिर्फ एक पाचक फल है अपितु यह पेट में अम्लीयता भी पैदा नहीं होने देता। भोजन को जल्द पचाने में भी यह अपनी अहम् भूमिका निभाता है। इसलिए सभी लोगों को भोजन के बाद एक सेब अवश्य खाना चाहिए।


यूनानी हकीमों की मानें तो यह दिल को ताकत पहुँचाने वाला एक बहुगुणी फल है जिसका अनेक रोगों में भी चमत्कारी प्रभाव दिखलाई देता है अतः शरीर को सुंदर और सुडौल बनाये रखने के लिए अक्सर सेब का सेवन करते रहना चाहिए। डाक्टरों का कहना है कि प्रतिदिन सेब खाने से प्रत्येक रोगियों को अनेक फायदे पहुंचते है जिसका हरेक मौसम में किसी भी उम्र के लोग कभी भी आसानीपूर्वक सेवन कर सकते है। तभी तो अक्सर लोगों द्वारा कही जाने वाली कहावत, ‘एक सेब हर रोज खाइये, डाक्टर को दूर भगाइये, सत्य प्रतीत होती है जो वैज्ञानिक कसौटी पर पूरी तरह खरी उतरती है।


खाने में पौष्टिक सेब में विटामिन ए, बी व सी प्रचुर मात्रा में मौजूद होते हैं जोकि बीमारी के जोखिम को पूरी तरह कम कर देते है। अतएव रोगियों को बीमारी के बाद भी डाक्टर प्रायः सेब का अधिकाधिक सेवन करने की नेक सलाह देते हैं। आइए, अब जानते हैं सेब के उन तमाम गुणों के बारे में जिससे इसकी तुलना एक औषधि के रूप में भी की जाती है।



सेब खाने से होने वाले फायदे :-


शरीर बलिष्ठ बनाएः- सेब में फास्फोरस और लौह तत्त्व प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो व्यक्ति के शरीर को हष्ट-पुष्ट, फुर्तीला और बलवान बनाता है। यही नहीं, यह हृदय को शक्तिशाली और बुद्धि को तीव्र भी करता है। इसके अलावा, यह दुर्बल शरीर को मोटा और तेजस्वी बनाये रखने के लिए भी सर्वोत्तम पोषक फल होता है।


भूख बढ़ाए:- जिन व्यक्तियों को भूख कम लगती है, उनके लिए सेब बहुत फायदेमंद साबित होता है। ऐसे व्यक्तियों को नित्य एक बड़ा सेब खाना चाहिए। इससे उन्हें भूख खुलकर अच्छी तरह लगने लगेगी।


दांतों को मजबूत बनाए:- बच्चे के जन्म के उपरान्त जब उसके पूरे दांत निकल आयें और वह सभी चीजों को कुतर दृ कुतर कर खाना शुरू कर दें तो उसे रोजाना एक सेब का रस पिलाना कतई ना भूलें। यह बच्चों के दांतों को मजबूती प्रदान करता है।


महिलाओं के सौंदर्य को बचाएः- जन्मजात बच्चों को स्तनपान कराने वाली महिलायें रोज एक बड़ा लाल सेब खायें तो इससे उनकी शारीरिक सुडौलता एवं सौंदर्य हमेशा बरकरार रहते हैं।


सिरदर्द मिटाए:- अक्सर सिर में दर्द की शिकायत रहने वाले व्यक्तियों को सेब की दो फांक करके उन पर नमक लगाकर एक सप्ताह तक लगातार खाना चाहिए। इससे उनकी इस समस्या का जल्द ही निदान हो जाएगा।


कब्ज का खात्मा करेः- कब्ज से परेशान लोगों के लिए सेब बहुत ही उपयोगी फल है। सुबह-शाम पका हुआ सेब खाने से जहां कब्ज से छुटकारा मिलता है, वहीं दूसरी तरफ, सेब का रस पाचन शक्ति को भी गति प्रदान करता है जिससे उनकी यह शिकायत जल्द ही कोसों दूर हो जाती है। इसलिए रोजाना एक सेब खायें और स्वस्थ रहें।